बादली। क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है। कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों को राहत मिली है। बारिश से धान, ज्वार, बाजरा, कपास और दलहनी फसलों को लाभ मिलने की उम्मीद है। खेतों में नमी बढ़ने से फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और सिंचाई पर होने वाला खर्च भी कम होगा।
सबसे अधिक राहत धान की खेती करने वाले किसानों को मिली है। कृषि विभाग के अनुसार अभी तक करीब 800 एकड़ क्षेत्र में धान की रोपाई हो चुकी है। किसान गौरव, वेद, धर्मपाल और सोनू ने बताया कि बारिश नहीं होने से फसल को लेकर चिंता बनी हुई थी, लेकिन मंगलवार की बारिश ने उम्मीद बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि इससे धान के साथ सब्जियों और हरे चारे की फसल को भी फायदा मिलेगा।
वहीं, पशुपालन विभाग ने बरसात के मौसम में पशुओं की सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी है। पशु चिकित्सक डॉ. संदीप सिंहमार ने पशुओं को खुले स्थान या पेड़ों के नीचे नहीं बांधने और पशुशाला की मरम्मत कराने की अपील की।