बहादुरगढ़। आसौदा के निकट बुधवार तड़के केएमपी एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। पहले हादसे में एक पिकअप वाहन कैंटर से टकरा गया, जिसमें परिचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े तीन बजे ले-बाई के पास हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, जबकि पिकअप चालक का भी कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस के अनुसार परिजनों के आने के बाद पहचान और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दूसरा हादसा भी आसौदा के पास हुआ, जहां क्वाइल से लदे ट्रेलर की एक कैंटर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसमें फंस गया। पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला। घायल चालक की पहचान बुलंदशहर निवासी नान्हा के रूप में हुई है। हादसे में उसके दोनों पैर कट गए। परिजन उसे उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल ले गए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।