साल्हावास। एसआईआर के तहत गलत मैपिंग, नाम में मिसमैच और अन्य गड़बड़ियों को लेकर जारी नोटिसों के बाद मतदाताओं की परेशानी कम होने की बजाय बढ़ती जा रही है। एक ही परिवार के अलग-अलग सदस्यों को अलग-अलग तारीख और समय के नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में परिवार को हर नोटिस की सुनवाई के लिए अलग-अलग दिन झज्जर कार्यालय पहुंचना पड़ रहा है। इससे बस किराया और समय दोनों खर्च हो रहे हैं।
मतदाताओं का कहना है कि क्षेत्र के एक-एक गांव में 150 से 200 लोगों तक को नोटिस जारी किए गए हैं। ऐसे में सभी को कार्यालय बुलाकर भीड़ एकत्रित करने के बजाय गांव में ही कैंप लगाकर या बीएलओ को निर्देश देकर त्रुटियों का समाधान कराया जाना चाहिए।
गांव खानपुर कलां में दो बूथ हैं। बूथ नंबर 135 पर 95 और बूथ नंबर 136 पर 89 लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार, एक पिता की छह संतानों को भी नोटिस जारी हुए हैं। उनका कहना है कि पहले के समय में एक परिवार में छह से आठ संतान होना सामान्य बात थी। वर्ष 2002 की मतदाता सूची में अधिकतर लोगों के नाम बिना जन्म प्रमाण पत्र के दर्ज हुए थे। उस समय चौकीदार अपने रजिस्टर में जन्मतिथि दर्ज करते थे। अब इन्हीं पुराने रिकॉर्ड के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
बीएलओ की गैलरी से दस्तावेज अपलोड नहीं हो रहे
खानपुर कलां निवासी डेविड दहिया और हरीश दहिया ने बताया कि दोनों भाइयों को 24 और 26 अगस्त की अलग-अलग तारीखों के नोटिस जारी हुए हैं। नोटिस में उनके पिता के नाम का मिसमैच दर्शाया गया है। उन्होंने बताया कि उनके पिता के सभी दस्तावेजों में नाम विजय कुमार है, जबकि वर्ष 2002 की वोटर लिस्ट में नाम केवल विजय दर्ज था। बाद में इसे ठीक करवाकर विजय कुमार कराया गया था। इसके बावजूद अब नोटिस जारी कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि बीएलओ के माध्यम से पिता की दसवीं की मार्कशीट और अन्य दस्तावेज अपलोड कराने का प्रयास किया गया, लेकिन गैलरी से दस्तावेज अपलोड नहीं हो सके। इसी तरह योगेश शर्मा और सौरव शर्मा, दोनों भाइयों को सामान्य त्रुटि के बावजूद अलग-अलग तारीखों के नोटिस जारी हुए हैं। खानपुर कलां निवासी रविंद्र, नवीन और रमन, जो एक ही परिवार के सदस्य हैं, उन्हें भी अलग-अलग तारीखों के नोटिस मिले हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य त्रुटियों के लिए परिवार के सदस्यों को अलग-अलग तारीखों पर बुलाने के बजाय एक ही दिन सुनवाई की जाए। इससे लोगों का समय और पैसा बचने के साथ प्रक्रिया भी तेजी से पूरी हो सकेगी।