बहादुरगढ़। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर प्रदेशभर में चल रही तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल के तीसरे दिन शनिवार को बहादुरगढ़ नगर परिषद के सफाई कर्मचारी भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने नगर परिषद परिसर में एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ रोष जताया और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ की बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर ने की, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़ ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार कर्मचारियों से किए गए समझौतों और वादों को लागू करे। कर्मचारियों ने मांग की कि 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारियों और अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू किया जाए। इसके अलावा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करने तथा एचकेआरएन को भंग करने की मांग उठाई गई।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी नेताओं और सरकार के बीच जिन 17 मांगों पर सहमति बनी थी, उनका पत्र जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार की ओर से समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके चलते कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
इस दौरान इकाई कैशियर मुकेश दरोगा, वरिष्ठ उपप्रधान लीलाराम, महिला उपप्रधान ऊषा देवी, सह सचिव होशियार सिंह दरोगा, ऑडिटर सुनील, प्रचार सचिव सरोज, जिला ऑडिटर संदीप टॉक, इंद्रमल, जयभगवान, जिला सदस्य सोनू, पूर्व कैशियर संदीप, नंदराम दरोगा और कुलदीप दरोगा मौजूद रहे। कर्मचारियों में भीम सिंह, बिट्टू, प्रीतम, मनजीत, विक्रांत, अमन, कांता, प्रमिला, ऊषा और अनीता सहित पे-रोल कर्मचारी शामिल रहे।
-फोटो 84 :