कश्मीर घाटी में सैनिक कॉलोनी बनाने पर पैदा हुए विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए जम्मू-पुंछ संसदीय सीट से सांसद जुगल किशोर ने कहा है कि घाटी में सैनिक कॉलोनी बन कर रहेगी। सोमवार को राजोरी दौरे के दौरान सांसद शहर के पोठा सरानू क्षेत्र में लोगों की समस्या सुनने पहुंचे थे।
जुगल ने कहा कि घाटी में सैनिक कॉलोनी बनाने में गठबंधन सरकार में सहयोगी पीडीपी को न कोई आपत्ति है और न भाजपा को। इसलिए घाटी में सैनिक कॉलोनी बनने से कोई रोक नहीं सकता। सांसद ने बताया कि सैनिक कालोनी कश्मीर घाटी में कहीं बने या लद्दाख में बने, पर बनेगी जरूर।
राजोरी पहुंचे सांसद के सामने जनता ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि उनको सरकारी राशन की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में पेयजल के साथ ही बिजली संकट से हाहाकार मचा हुआ है, लेकिन जनता की कोई सुनने वाला नहीं है।
तीन माह से लोगों को सरकारी राशन नहीं मिला है, इससे लोगों को बाजार से राशन खरीदना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पेयजल संकट और बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है।
सांसद ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि एनएसएफ ऐक्ट के तहत बनाए जा रहे नए राशन कार्डों का काम जल्द पूरा होगा व लोगों को पहले से अधिक और पहले से सस्ते दामों पर सरकारी राशन उपलब्ध होगा। उन्होंने पेयजल व बिजली संकट से निजात दिलाने का भी भरोसा दिलाया।