कस्बा स्थित पूरे मियां जी मोहल्ले में सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक दिन पहले ही निकाह के बाद ससुराल आई नुजहत बानो कमरे में मृत पड़ी मिली। घटना के बाद पति घर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पहुंचे मायकेवालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए पति समेत तीन लोगों को नामजद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, कमरे में काफी सामान अस्त-व्यस्त पड़े मिले और दूल्हा-दूल्हन के लिए सजाई गए सेज़ के फूल भी पूरे कमरे में बिखरे पड़े थे। कमजोर दिल वाले यह दृश्य देख सहम गए।
पूरे मियां जी निवासी मोहम्मद खलील के बेटे नफीस की बारात रविवार को सोरांव के सेवइथ गांव में गई थी। निकाह के बाद शाम को दुल्हन नुसरत (25) पुत्री नसीम ससुराल आई। सोमवार सुबह वह संदिग्ध हाल में कमरे के भीतर मृत पड़ी मिली। भाई अदनान ने बताया कि सुबह नौ बजे के करीब ससुरालवालों ने फोन कर बताया कि नुजहत की तबियत खराब है। वह अन्य परिजनों संग मौके पर पहुंचा तो वह मृत पड़ी मिली।
भाई का आरोप है कि शादी में उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया। लेकिन मोटरसाइकिल न मिलने पर नफीस के पिता खलील व भाई रईस नाराज हो गए थे। जानकारी पर पता चला कि दूल्हा नफीस भोर में 3 बजे से ही गायब हो गया। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति, ससुर व जेठ पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मृतका के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। सीओ अमिता सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत कैसे हुई, इसका पता पोस्टमार्टम में ही लग सकेगा। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।