साल्हावास। अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खिलाड़ी मनु भाकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई हैं। उनकी चचेरी बहन भूमिका भाकर भी उनके साथ कदमताल करते हुए आगे बढ़ने लगी हैं।
भूमिका अपनी बड़ी बहन के नक्शेकदम पर चली हुई हैं। भूमिका भाकर ने इंदौर में हुई राज्यस्तरीय 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक प्राप्त कर हरियाणा प्रदेश व मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। भूमिका भाकर के पिता महेंद्र सिंह ने बताया कि भूमिका मध्यप्रदेश के इंदौर में डेली काॅलेज स्कूल की बारहवीं कक्षा की छात्रा हैं।
उन्होंने 21वीं मध्य प्रदेश राज्य अंतर विद्यालय शूटिंग चैंपियनशिप महू, इंदौर में स्वर्ण पदक प्राप्त कर गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 7 से 14 अगस्त तक चली है। इससे पहले वे खेलो हरियाणा व खेलो इंडिया के लिए चयनित हो चुकी हैं। वे सीबीएसई नॉर्थ जोन मेडलिस्ट रह चुकीं हैं। उन्होंने भी शूटिंग की शुरुआत यूनिवर्सल स्कूल स्थित शूटिंग रेंज से की है।