लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे नामांकन में शुक्रवार को बलिया लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीरज शेखर और सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय ने नामांकन किया। वहीं, सपा प्रत्याशी रमाशंकर राजभर ने सलेमपुर लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में गहमागहमी की स्थिति रही।
विज्ञापन
सबसे पहले बलिया लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी सनातन पांडेय जिलाध्यक्ष एवं विधायक संग्राम सिंह यादव के साथ डीएम कोर्ट में नामांकन के लिए पहुंचे और अपना नामांकन दाखिल किया। इसके बाद रमाशंकर राजभर ने पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी और विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी के साथ सीआरओ कोर्ट में मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद रामलीला मैदान से जुलूस के साथ सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के नेतृत्व में भाजपा प्रत्याशी एवं राज्यसभा सांसद नीरज शेखर नामांकन दाखिल करने पहुंचे। डीएम कोर्ट में नामांकन दाखिल किया।