बीते शनिवार को अंब के सूरी गांव में घर में घुस कर उत्पात मचाने वाले तेंदुए की वन विभाग की कैद में मौत हो गई। स्वस्थ हालत में पकड़े गए तेंदुए की संदिग्ध हालात में हुई मौत के बाद अब वन विभाग के अधिकारी सवालों के घेरे में हैं। पालमपुर में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट सामने आने के बाद तेंदुए को जहरीला पदार्थ से मौत के लक्षण भी मिले हैं।
आला अधिकारियों ने तेंदुए की मौत पर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अंब के सूरी गांव में घर में घुसकर घंटों तक तांडव मचाने वाले तेंदुए को पकड़ने के बाद अधिकारी स्वस्थ होने का दावा कर रहे थे। डीएफओ आरके डोगरा ने बताया था कि 75 किलोग्राम वजनी व करीब तीन साल के तेंदुए की चिकित्सकीय जांच के बाद जंगल में छोड़ दिया जाएगा।
हालांकि उनके इस दावे के चंद घंटों के अंदर ही तेंदुए की मौत हो गई। मौत के बाद तेंदुए का पालमपुर स्थित चौधरी सरवण कुमार कृषि विवि से संबद्ध वैटर्नरी अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। अधिकारियों ने जब पोस्टमार्टम कराया तो पता चला कि उसके फेफड़ों में इंफेक्शन के अलावा आंत में भी ब्लॉकेज थी। तेंदुए के स्वस्थ होने का दावा करने वाले डीएफओ डोगरा ने ही तेंदुए को लंग इंफेक्शन की बात कही।
तेंदुए की आंत में भी बालों के गुच्छों से ब्लॉकेज पाई गई। संभावना जताई कि इन वजहों से परेशान होकर ही उसके बस्ती की ओर रुख करने की आशंका जताई। हालांकि रिपोर्ट में तेंदुए के अंदर जहरीला पदार्थ भी पाया गया। रिपोर्ट में संदिग्ध पदार्थ और जहर देने की
आशंका के बीच प्रदेश के पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ एसएस नेगी ने जांच के आदेश दे दिए हैं। नेगी ने बताया कि सोशल मीडिया में भी तेंदुए की मिस हैंडलिंग की कुछ फोटो सामने आई है। जिसके चलते जांच के आदेश दिए गए हैं ताकि पता चल सके कि तेंदुए की मौत में विभागीय चूक तो नहीं।
आज घंडावल में होगा अंतिम संस्कार- डीएफओ आरके डोगरा ने बताया कि तेंदुए के अंतिम संस्कार क लिए डॉ अमित शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन कर दिया गया है। जिसमें आरओ रतन कश्यप, डिप्टी रेंजर पवन कुमार, फारेस्ट गार्ड संजीव कुमार और बटूही ग्राम पंचायत प्रधान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार को कमेटी की देख-रेख में घंडावल में तेंदुए का अंतिम संस्कार किया जाएगा।