झज्जर। रणजी ट्रॉफी के नए सत्र में झज्जर जिले के दो क्रिकेटरों कनिष्क चौहान और सामंत जाखड़ ने हरियाणा की टीम से पदार्पण किया। 11 अक्तूबर से शुरू हुए पहले चरण में रोहतक के लाहली स्थित चौधरी बंसीलाल क्रिकेट स्टेडियम में हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में झज्जर के यशवर्धन दलाल भी हरियाणा की प्लेइंग-11 में शामिल हैं।
गांव कुलाना निवासी कनिष्क चौहान और झज्जर के सेक्टर-6 निवासी सामंत जाखड़ हरफनमौला खिलाड़ी हैं। यशवर्धन दलाल विकेटकीपर-बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिए रणजी ट्रॉफी का यह तीसरा सत्र है।
कनिष्क अंडर-19 विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे
कनिष्क चौहान इससे पहले बीसीसीआई की अंडर-19 प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर भारतीय अंडर-19 टीम में जगह बना चुके हैं। वह इस वर्ष अंडर-19 विश्व कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे। इसके अलावा आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की टीम में भी शामिल रहे। सामंत जाखड़ पिछले वर्ष हरियाणा की ओर से सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके हैं। उन्होंने बीसीसीआई की अंडर-23 प्रतियोगिताओं और हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की पटौदी ट्रॉफी में भी भाग लिया है।
पहले दिन हिमाचल के सात विकेट गिरे
हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के बीच मुकाबले के पहले दिन का खेल समाप्त होने तक हिमाचल प्रदेश ने सात विकेट पर 153 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हिमाचल की टीम के खिलाफ सामंत जाखड़ ने 15 ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया। कनिष्क चौहान ने पांच ओवर में 13 रन दिए, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला।
विनीत धनखड़ सर्विसेज की टीम से खेल रहे
जिले के गांव ग्वालिसन निवासी विनीत धनखड़ भी रणजी ट्रॉफी में सर्विसेज की ओर से खेल रहे हैं। नई दिल्ली के पालम स्थित एयरफोर्स कॉम्प्लेक्स ग्राउंड में सर्विसेज और महाराष्ट्र के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन महाराष्ट्र ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 287 रन बनाए। विनीत ने तीन ओवर में 11 रन दिए, लेकिन कोई विकेट हासिल नहीं किया।
11jjrp06- झज्जर। कनिष्क चौहान