बैजनाथ कॉलेज के वार्षिक समारोह में डांस की प्रस्तुति देते हुए छात्राएं।
बैजनाथ (कांगड़ा)। पंडित संतराम राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ में केंद्रीय छात्र परिषद का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास से संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल रहे। स्वागत के बाद केंद्रीय छात्र परिषद की अध्यक्ष काजल ने विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और चिंताओं पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विविध रंगों से सजी सांस्कृतिक और साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की गईं। एंकरिंग में विभांशु और कृष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। नंदिनी और प्रिया दूसरे तथा वंशिका और कृष तीसरे स्थान पर रहे। कविता पाठ में अमृता को पहले, कृष दूसरे और तावी तीसरे स्थान रही। सोलो सॉन्ग में काजल ने प्रथम, मुस्कान ने द्वितीय और श्रुति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रुप सॉंग श्रेणी में सक्षम और समूह पहले, दीपिका और समूह दूसरे तथा काजल और समूह तीसरे स्थान पर रहे।
सोलो डांस में वंशिका, प्रियांशी और रितिका पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। ग्रुप डांस में मुस्कान और उनके समूह ने प्रथम, शिखा और समूह द्वितीय तथा मुस्कान और समूह तृतीय स्थान पर रही। मॉडलिंग प्रतियोगिता में स्मृति प्रथम, कृतिका द्वितीय और सेजल तृतीय रहीं। मटका फोड़ प्रतियोगिता में प्रिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार कौंडल ने केंद्रीय छात्र परिषद की ओर से आयोजित विविध गतिविधियों की सराहना की।