संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। अंडर-23 अंतर जिला प्रतियोगिता के एक क्रिकेट मैच में झज्जर की टीम ने पानीपत को चार विकेट से हरा दिया। यह मैच बहादुरगढ़ के सेक्टर-9ए स्थित झज्जर क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। झज्जर ने यह जीत वीजेडी मेथड से हासिल की, जिसमें कप्तान सामंत जाखड़ और गौरिश दहिया का अहम योगदान रहा।
झज्जर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पानीपत की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20.4 ओवरों में चार विकेट पर 123 रन बनाए। इसके बाद बारिश शुरू होने के कारण मैच को बीच में रोकना पड़ा। पानीपत के कप्तान अंशुल कादयान ने 46 गेंदों में 37 रन बनाए। धीरेंद्र सहरावत ने भी 13 गेंदों में 34 रनों की तेज पारी खेली।
झज्जर के लिए सामंत जाखड़ ने गेंदबाजी में दो विकेट हासिल किए। दोपहर के बाद मैच दोबारा शुरू हुआ और झज्जर को 15 ओवरों में 115 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला। झज्जर की टीम ने 14.2 ओवरों में छह विकेट पर 115 रन बनाकर मैच जीत लिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए झज्जर की शुरुआत खराब रही। टीम ने एक रन पर ही अपने दोनों ओपनर बल्लेबाजों को गंवा दिया। इसके बाद तीसरा विकेट भी जल्दी गिर गया। सामंत जाखड़ और गौरिश दहिया ने मिलकर 25 गेंदों में 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। गौरिश दहिया ने 18 गेंदों में छह छक्कों की मदद से 42 रन बनाए।
इंसेट
प्रमुख खिलाड़ियों का प्रदर्शन
सामंत जाखड़ ने बल्लेबाजी में 23 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें दो चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने गेंदबाजी में भी दो विकेट लेकर ऑलराउंडर प्रदर्शन किया। पानीपत के धीरेंद्र सहरावत और मानवेंद्र मनचंदा ने गेंदबाजी में दो-दो विकेट लिए। झज्जर टीम ने अब तक खेले गए तीन मैचों में से दो में जीत दर्ज की है।