संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। जनसंख्या के अनुपात में रिक्त पद भरने और ऑनलाइन तबादला नीति में पदों की कैपिंग के विरोध में एमपीएचई एसोसिएशन के कर्मचारियों ने बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में दो घंटे धरना दिया। कर्मचारियों ने सिविल सर्जन के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान प्रवीण कुमार ने की, जबकि संचालन जिला सचिव आनंद कुमार ने किया। प्रवीण कुमार ने कहा कि सरकार रिक्त पद भरने के बजाय पद समाप्त करने की दिशा में काम कर रही है। इससे कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ रहा है।
एसोसिएशन के राज्य सह सचिव सुखविंद्र ने कहा कि एमओटीपी के तहत ऑनलाइन तबादलों में पदों पर कैपिंग किए जाने से कर्मचारियों को परेशानी हो रही है।
जिला सचिव आनंद कुमार ने बताया कि शुक्रवार को उपायुक्त के माध्यम से भी सरकार को ज्ञापन भेजा जाएगा। हेल्थ इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने कहा कि अगले दिन भी दो घंटे धरना दिया जाएगा।
इस अवसर पर राजेश, जगदीप, सावन, कृष्ण, मनोज, वीरेंद्र, विनय, सुखबीर, अशोक, भूपेंद्र, अमित, प्रवीण, रामपाल, विजय और धीरज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।