झज्जर। अनाज मंडी में किसानों की समस्याओं को लेकर धरने और भूख हड़ताल पर बैठे आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान हरेंद्र सिलाना ने रविवार को आंदोलन समाप्त कर दिया। किसानों के आग्रह पर इनेलो सुप्रीमो अभय चौटाला की मौजूदगी में उन्हें जूस पिलाया गया। इस दौरान चौटाला ने मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए।
अभय चौटाला ने कहा कि जिला उपायुक्त किसानों की समस्याएं सुनने के लिए मंडी का दौरा करने के बजाय भाजपा के कार्यक्रमों में शामिल हो रही हैं। उन्होंने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जिले में कार्यक्रम होने के बावजूद मंडी नहीं पहुंचे।
हरेंद्र सिलाना ने बताया कि किसानों के आग्रह पर उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त की है। उन्होंने कहा कि उनकी और मंडी की दुकान नंबर 33 के आढ़ती की ओर से किसानों का बाजरा 2300 रुपये प्रति क्विंटल खरीदा जा रहा है।
मंडियों में व्यवस्था नहीं सुधरी तो जडे़ंगे ताला : अभय चौटाला
उन्होंने कहा कि अगर जिला उपायुक्त किसानों की समस्या जानने के लिए मंडी में नहीं आई तो उनकी सरकार आने पर 24 घंटे मंडी में खड़ा करने का काम करेंगे। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आज से मंडियों की व्यवस्था में सुधार नहीं किया तो मंडियों के गेट पर ताला लगाने का काम करेंगे।