फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध संबंधों के चलते पेट में चाकू घोंपकर की दोस्त की हत्या

Thu, 23 Feb 2017 01:03 AM IST
अमर उाला ब्यूरो/सिरसा
विज्ञापन
विलाप करते परिजन - फोटो : amarujala
विज्ञापन
दोस्ती विश्वास टूटने के साथ ऐसी दुश्मनी में बदली कि दोस्त ने दोस्त की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। यह घटना शहर के सिविल अस्पताल रोड क्षेत्र की है। मंगलवार रात को दो दोस्तों में झगड़ा हो गया और दोनों ने ही चाकू से एक दूसरे पर हमला बोल दिया। पेट में चाकू लगने से इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी रमेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर किया लेकिन रास्ते में ही रमेश की मौत हो गई। रमेश के पेट में चाकू घोंपने वाला उसका दोस्त सन्नी भी गले में चाकू के वार से घायल हो गया। बुधवार को पुलिस ने मृतक के भतीजे अमन का बयान दर्ज करके आरोपी सन्नी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन



जानकारी के अनुसार इंद्रपुरी मोहल्ला निवासी रमेश कुमार की चतरगढ़पट्टी निवासी सन्नी के साथ दोस्ती थी। दोनों का एक दूसरे के घर भी काफी आना जाना था। मंगलवार शाम को सन्नी अपने भाई राजू के साथ बाइक पर सवार होकर रमेश के घर आया। रमेश उस समय गाय का दूध निकाल रहा था। सन्नी रमेश को अपने साथ बाइक पर ले गया। शाम करीब सात बजे रमेश के भतीजे अमन के पास किसी शख्स का फोन आया जिसने कहा कि रमेश और सन्नी के बीच सिविल अस्पताल रोड स्थित गर्ग कॉटन फैक्टरी के पास झगड़ा हो रहा है। परिवार वाले वहां पहुंचते इससे पहले रमेश और सन्नी ने चाकू से एक दूसरे पर हमला कर दिया।

सन्नी ने चाकू से रमेश के पेट पर वार किए तो रमेश ने सन्नी की गर्दन पर। दोनों लहुलुहान होकर नीचे गिर गए। इसके बाद लोगों ने उन्हेें उपचार  के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रमेश की हालत नाजुक होते देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया लेकिन रमेश ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घायल सन्नी की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे भी रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना और जेजे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
विज्ञापन



अवैध संबंध बना हत्या का कारण
रमेश और सन्नी के बीच अच्छी दोस्ती थी। दोनों एक दूसरे पर काफी भरोसा करते थे और इसीलिए दोनों का घरों तक आना जाना था। इसी बीच रमेश ने सन्नी के परिवार की वरिष्ठ महिला के साथ अवैध संबंध स्थापित कर लिए। मंगलवार दोपहर सन्नी को इस बात का पता चला तो वह अपने भाई राजू को लेकर शाम को रमेश के घर पहुंचा। रमेश को बाइक पर अपने साथ बैठाकर गर्ग कॉटन फैक्टरी के पास ले आए। जहां पर इसी बात को लेकर रमेश और सन्नी में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों ने चाकू निकाले और एक दूसरे पर हमला बोल दिया।

मृतक रमेश के भतीजे अमन का बयानों पर आरोपी सन्नी के खिलाफ हत्या और  शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी स्वयं भी घायल है और उसका उपचार चल रहा है। ठीक होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शव का पोस्टमार्टम बुधवार दोपहर को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया।
-बलबीर सिंह, जांच अधिकारी, जेजे पुलिस चौकी।
 
गिरफ्तारी न होने तक शव का संस्कार न करने पर अड़े परिजन, लगाया जाम
 मृतक रमेश का शव बुधवार शाम अग्रोहा से एंबुलेंस में शिव चौक पहुंचा तो परिजनों ने एंबुलेंस को चौक पर ही रोक लिया और रोड जाम कर दिया। जाम लगने के कारण यातायात व्यवस्था ठप हो गई। जाम के दौरान प्रदर्शनकारी वाहनों चालकों से भी उलझे। जाम की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस दल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। करीब आधे घंटे के बाद परिजन मानें और जाम को खुलवाया।   परिजनों का आरोप है सन्नी ने स्वयं को चोटें मारी और अस्पताल मेें दाखिल हो गया। रोड जाम की सूचना मिलते ही सिटी एसएचओ राम सिंह व सदर एसएचओ दलीप कुमार शिव चौक पहुंचे। दोनों पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं मानें। परिजन इस मांग पर अड़े थे कि जब तक  हत्यारोपी की गिरफ्तारी नहीं होती शव का संस्कार नहीं किया जाएगा। कुछ समय बाद पुलिस अधिकारियों ने फिर से परिजनों से बातचीत की और उन्हें भरोसा दिया कि आरोपी उनकी निगरानी में ही है और शीघ्र उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद परिवार वालों ने जाम हटा लिया।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें