बेरी। करीब 20 दिन पहले बेरी के मेन बाजार में बर्तन व्यापारी और एक महिला दुकानदार को फर्जी भुगतान कर ठगा गया। इस मामले को लेकर शुक्रवार को कई व्यापारी पुलिस चौकी पहुंचे। उन्होंने चौकी इंचार्ज से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों ने बताया कि फर्जी भुगतान के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा है। ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में चिंता का माहौल है। ठग सामान खरीदने के बाद भुगतान का भरोसा दिलाते हैं। वे ऑनलाइन भुगतान का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाते हैं। बाद में व्यापारियों के खाते में रकम जमा नहीं होती। बेरी मेन बाजार में पिछले दिनों दो व्यापारी ठगी का शिकार हुए हैं।
विज्ञापन
बेरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजवीर राठी ने बताया कि दो दुकानदारों से ठगी का मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की है कि जब तक खाते में राशि न आ जाए, तब तक सामान न दें। दुकानदारों को भी जागरूक होने की आवश्यकता है। चौकी इंचार्ज ने आश्वासन दिया कि ठगी करने वाले गिरोह को जल्द पकड़ा जाएगा। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।
वर्जन
बाजार में बर्तन व्यापारी और महिला दुकानदार से ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी का मामला संज्ञान में है। एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही हैं। जल्द ही ठगी करने वाले गिरोह के सदस्यों को पकड़ा जाएगा।-अजीत सिंह, शहर चौकी प्रभारी, बेरी