दो घटनाओं में सोमवार को पांच छात्राओं समेत सात की डूबने से मौत हो गई। भदोही के रामपुर में चाचा-भतीजे गंगा में तो बिहार के मोहनिया में पांच छात्राएं तालाब में डूब गईं। इनमें चार लड़कियां एक ही परिवार की थीं।
मोहनिया के बड्डा गांव निवासी राजेंद्र की दो पुत्रियां ज्योति (14), पूजा (12), राजेंद्र के भाई स्व. सुरेंद्र की पुत्री खुशबू (12), खुशी (10) और गांव के सुभाष की पुत्री लाडली (12) गांव के विद्यालय में पढ़ती थीं। दोपहर बारह बजे सभी घर से नहाने के लिए तालाब पर गईं।
नहाते समय एक लड़की डूबने लगी। उसके बचाने के चक्कर में एक-एक कर सभी डूब गईं। जानकारी होने पर ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला और डॉक्टर के यहां ले गए, लेकिन डाक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों के चित्कार से पूरे गांव का माहोल गमगीन हो गया।
उधर, भदोही के ज्ञानपुर कोतवाली के जगापुर सिंहपुर निवासी विमल (25) सोमवार को मां सावित्री देवी और भतीजे समीर (9) के साथ मिर्जापुर के गड़बड़ा धाम गए थे। दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे तीनों बाइक से लौट रहे थे।
इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होने से तीनों रामपुर पीपा पुल पर गिर गए और समीर झटका लगने से गंगा में चला गया। विमल ने उसे बचाने के लिए छलांग लगा दी, लेकिन वह भी डूबने लगे। सावित्री ने साड़ी फेंककर विमल को पकड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह पकड़ नहीं पाए।
तकरीबन डेढ़ घंटे बाद दोनों शव मिले।