फोटो-54: बहादुरगढ़ बाईपास पर सेक्टर 13 की जमीन पर बनाया गया साइकिल ट्रैक। संवाद
- फोटो : Archive
बहादुरगढ़। शहर के सेक्टर-13 में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से पहला साइकिल और जॉगिंग ट्रैक बनकर तैयार हो गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से बनाए गए इस ट्रैक को जल्द ही संबंधित विभाग को सौंपा जाएगा।
इससे साइकिलिस्टों, खिलाड़ियों और सैर करने वालों को अभ्यास व व्यायाम के लिए अलग स्थान मिलेगा। बाईपास किनारे पकौड़ा चौक से नहर तक, सेक्टर-37 के सामने स्थित एचएसवीपी की जमीन पर बने इस ट्रैक में साइकिलिंग के लिए 1555 मीटर और जॉगिंग के लिए 1575 मीटर लंबा रास्ता तैयार किया गया है।
सुरक्षा के लिए ट्रैक के साथ चहारदीवारी भी बनाई गई है। एचएसवीपी के एसडीओ कृष्ण मलिक ने बताया कि निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे संबंधित विभाग को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
स्वास्तिक अस्पताल के निदेशक डॉ. जयसिंह मलिक ने कहा कि नियमित साइकिलिंग हृदय की कार्यक्षमता और रक्त संचार बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है। इससे वजन नियंत्रित रखने और मधुमेह व उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी मदद मिल सकती है।
बहादुरगढ़ रनर्स ग्रुप के सदस्य और साइकिलिस्ट दीपक छिल्लर ने बताया कि साइकिलिंग से ईंधन की बचत होती है और पर्यावरण को भी लाभ मिलता है। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड समेत कई यूरोपीय देशों में साइकिल का व्यापक इस्तेमाल होता है।
साइकिलिस्टों को सड़क पर नहीं करना पड़ेगा अभ्यास
शहर में अलग साइकिल ट्रैक नहीं होने के कारण साइकिलिस्टों को सामान्य सड़कों पर वाहनों के बीच अभ्यास करना पड़ता था। नया ट्रैक शुरू होने से खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए निर्धारित स्थान मिलेगा। आम लोग भी यहां साइकिलिंग और जॉगिंग कर सकेंगे।
-
फोटो-54: बहादुरगढ़ बाईपास पर सेक्टर 13 की जमीन पर बनाया गया साइकिल ट्रैक। संवाद