फोटो-51: बहादुरगढ़ के पटेल नगर में नाला ओवरफ्लो होने से उसके आसपास बहता दूषित पानी। संवाद
- फोटो : 1
बहादुरगढ़। शहर के वार्ड-27 स्थित पटेल नगर में जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए किए प्रोजेक्ट भी बेअसर साबित हो रहे हैं। पहले यहां पाइप लाइन बिछाई गई थी लेकिन उसके बंद हो जाने के बाद हाल ही में करोड़ों रुपये की लागत से उसे हटाकर खुला नाला बनाया गया। इसके बावजूद क्षेत्र में जलभराव की समस्या जस की तस बनी हुई है।
पटेल नगर के लोगों के अनुसार नाला बनने के बाद भी गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा हो रहा है। इससे न केवल बदबू फैल रही है बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। सबसे बड़ी वजह नाले में डाला जा रहा गोबर और कचरा है, जो आसपास की डेयरियों से आकर इसमें जमा हो जाता है और पानी के बहाव को रोक देता है।
वार्ड पार्षद कुलदीप राठी ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद अधिकारियों को अवगत कराया गया है लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया। उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को राहत नहीं मिल रही, तो यह चिंता का विषय है।
बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है जिससे आवागमन भी प्रभावित होता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नाले की नियमित सफाई करवाई जाए और उसमें गोबर व कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि जल निकासी व्यवस्था को सही मायनों में दुरुस्त किया जा सके।
वर्जन
पटेल नगर में काफी डेयरियां हैं। उनका गोबर नालियों में डाला जाता है। नगर परिषद की ओर से समय-समय पर कार्रवाई की जा रही है। चालान भी किए जा रहे हैं। -सुनील हुड्डा, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, बहादुरगढ़।