झज्जर। छुछकवास गांव में रविवार दोपहर जयकिशन की हार्डवेयर की दुकान में बैटरी फटने से आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि उनकी पास में बनीं तीन अन्य दुकानों को भी चपेट में ले लिया। दुकानों में रखे मोटर, कूलर, पाइप, मोटरसाइकिल के टायर, पंखे, फाइबर, पीवीसी, फिटिंग पाइप, पेंट, रंग-रोगन, टंकी, दरवाजे, चौखट, बिजली फिटिंग के तार, सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। मालिक का कहना है कि उसे चार से पांच करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जयकिशन ने बताया कि रविवार करीब साढ़े 11 बजे दुकान में बैटरी फटने से आग लग गई। कर्मचारी कुछ समझ पाते तब तक आग की लपटें उठने लगीं। आनन-फानन में आग को बुझाने का प्रयास किया गया मगर आग भड़क गई। सूचना पर दोपहर करीब एक बजे फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची।
दादरी, बहादुरगढ़ और झाड़ली से पहुंचीं टीमें
फायर ब्रिगेड की पहली गाड़ी ने जाते ही आग को आगे बढ़ने से रोका और स्थिति के बारे में अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद तीन गाड़ियां झज्जर, दो बहादुरगढ़ से और एक-एक गाड़ी झाड़ली और चरखी दादरी से पहुंचीं। आग इतनी भयंकर थी कि आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
गीता भुक्कल भी मौके पर पहुंचीं
आग लगने की सूचना मिलने के बाद झज्जर विधानसभा क्षेत्र से विधायक गीता भुक्कल भी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद विधायक गीता भुक्कल ने तुरंत अधिकारियों को फोन कर फायर बिग्रेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाया।
ग्रामीण भी आग बुझाने में जुटे रहे
आग पर काबू पाने में तीन से चार घंटे लगे। भयंकर आग लगने की सूचना मिलने पर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग को और ज्यादा बढ़ते देख लोग भी बाल्टियों और अन्य बर्तनों में पानी भरकर आग बुझाते हुए दिखाई दिए।
सरपंच ने की मुआवजे की मांग
छुछकवास के सरपंच महावीर यादव ने बताया कि आग के कारण व्यापारी को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार से व्यापारी को मुआवजा देकर उसके नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
व्यापार मंडल ने जताया दुख
जय किशन की दुकानों में लगी आग का पता चलने के बाद व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष केशव सिंघल और जिला महासचिव सुनील यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने दुकानदार से मुलाकात कर नुकसान का जायजा लिया। केशव सिंह ने कहा कि आज से दुकान में करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। इस नुकसान की भरपाई के लिए मंडल प्रशासन व सरकार के नुमाइंदों से मुलाकात करेगा। मौके पर जिला परिषद सदस्य वीरभान, पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश गोयल बनारसी ठेकेदार, गांव के सरपंच व ग्रामीण मौजूद रहे ।
वर्जन
छुछकवास में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तुरंत दमकल टीमों को रवाना कर दिया गया था। टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्रमोद दुग्गल, फायर अधिकारी, झज्जर।
21jjrp24- झज्जर। आग बुझाने का प्रयास करते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। स्रोत- पाठक
21jjrp24- झज्जर। आग बुझाने का प्रयास करते फायर ब्रिगेड के कर्मचारी। स्रोत- पाठक