नितेश उर्फ नीलू सविता, संजय विश्वकर्मा
- फोटो : amar ujala
फतेहपुर के मलवां थाना क्षेत्र के आदमपुर घाट पर सावन के पहले सोमवार को गंगा स्नान करने के दौरान दो युवक डूब गए। युवकों के डूबने से घाट पर कोहराम मच गया। आनन फानन में वहां मौजूद गोताखोरों ने गंगा में कूदकर उन्हें ढूंढने का प्रयास किया लेकिन अभी तक उनके शव नहीं मिले हैं।
संजय विश्वकर्मा (25) पुत्र बहादुर निवासी अल्लीपुर व नितेश उर्फ नीलू सविता (24) पुत्र बल्लू सविता निवासी जगन्नाथपुर दोनों दोस्त सावन माह के प्रथम सोमवार की वजह से गंगा स्नान करने आदमपुर घाट गए थे।
दोनों नहाते हुए बीच धारा में चले गए और देखते-देखते दोनों नदी में डूबने लगे। वहां मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन तब तक दोनों दोस्त नदी में समा चुके थे। सूचना पर मौके पर पहुंचे कार्यवाहक थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने शव को खाेजने के लिए जाल डलवाया। परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस व परिजन शव को को खोजने में जुटी हुई है। अभी तक दोनों दोस्तों के शव नहीं मिले हैं।