बजट के विरोध में वित्तमंत्री का पुतला फूंकते सर्राफा व्यापारी
- फोटो : amar ujala beuro
आम बजट में कारोबार पर एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने का सर्राफा व्यापारियों का विरोध अभी थमा नहीं है। प्रांतीय संगठन के आह्वान पर सर्राफा व्यापारियों ने आठ मार्च तक कारोबार बंद रखने की घोषणा की है। विरोध के इस क्रम में शनिवार को सर्राफा एसोसिएशन सड़क पर उतर कर नारेबाजी की। वहीं वित्त मंत्री का पुतला फूंक प्रदर्शन किया। संकल्प भी लिया कि एक्साइज ड्यूटी की वापसी तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
गत एक मार्च को केंद्र सरकार की ओर से जारी किए गए आम बजट में एक्साइज ड्यूटी का प्रावधान करने के बाद से सर्राफा एसोसिएशन के आह्वान पर शहर के सर्राफा व्यापारी अपना कारोबार बंद किए हैं। बंदी के चौथे दिन शनिवार को सर्राफा व्यापारियों ने अपने दुकान के ताले नहीं खोले। शहर के सदर बाजार में एकत्रित हुए सर्राफा व्यापारियों ने पहले केंद्र सरकार की सर्राफा व्यापारी विरोधी नीतियों की जोरदार आलोचन की।
वित्त मंत्री अरुण जेटली मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। बाद में सर्राफा व्यापारियों ने केंद्रीय वित्त मंत्री का पुतला फूंक कर अपनी भड़ास निकाली। सर्राफा एसोसिएशन औरैया के जिलाध्यक्ष सर्वेश वर्मा ने बताया कि प्रांतीय आह्वान पर सर्राफा कारोबारियाें ने आगामी आठ मार्च तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। बंदी के दौरान सर्राफा व्यापारी विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।
कहा कि आज वित्त मंत्री का पुतला फूंक कर सर्राफा व्यापारियों ने एक्साइज ड्यूटी वापस न लिए जाने तक आंदोलन जारी रखने का संकल्प लिया है। संगठन के संरक्षक विपिन मित्तल ने एक्साइज ड्यूटी में सर्राफा कारीगरों पर भी एक फीसदी कर का प्रावधान किया है। जो कि पूरी तरह से सरकार की दूषित मानसिकता का प्रतीक है।प्रदर्शन करने वालों में संजीव वर्मा, रामआसरे गुप्ता, संजू वर्मा, रामअवतार वर्मा, उमेश चौधरी, मंयक शुक्ला, सतीश वर्मा, विशाल वर्मा, बीनू वर्मा, गोपाल वर्मा, राजेश वर्मा, महेश वर्मा, दिलीप वर्मा, आदि सर्राफा व्यापारी प्रमुख रहे।