07jjrp01- पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह निरीक्षण के दौरान जानकारी लेते हुए स्रोत- पुलिस विभाग
झज्जर/बहादुरगढ़। पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री सिंह ने बुधवार देर रात को थाना बादली, थाना लाइन पार बहादुरगढ़, थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़, एमआईई चौकी बहादुरगढ़ और महिला थाना झज्जर का निरीक्षण किया। बहादुरगढ़ सेक्टर-6 के थाने में तैनात कर्मचारी के वर्दी में नहीं मिलने पर थाना प्रबंधक व कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉ. राजश्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान थानों में आए शिकायतकर्ताओं से बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं के बारे में जाना और थाना प्रबंधक को उस पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। थाना प्रबंधक को निर्देश देते हुए कहा कि थाने में आई किसी भी तरह की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करके संबंधित अनुसंधानकर्ता को कार्यवाही के लिए सौंपा जाए।
पुलिस कमिश्नर ने चारों थानों सहित चौकी के भवन परिसर में की गई व्यवस्थाओं, जवानों के रहन-सहन, रसोई व स्वच्छता का निरीक्षण किया। थाना प्रबंधकों को थाना के रिकॉर्ड को दुरुस्त रखने और थाना प्रांगण में साफ सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना में बिजली, पीने का स्वच्छ पानी व जवानों के लिए रहने व मैस इत्यादि की व्यवस्थाओं को सुचारू व दुरुस्त करवाने के निर्देश भी दिए।