झज्जर। जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में शुक्रवार को छठीं से आठवीं की वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की गई। कक्षा छठी की संस्कृत, उर्दू व पंजाबी, सातवीं कक्षा की गणित, आठवीं कक्षा की अंग्रेजी की परीक्षा आयोजित की गई। अगली परीक्षा 16 मार्च को होगी क्योंकि शनिवार को सरकारी स्कूलों की छुट्टी है।
कक्षा छठी की 16 को ड्राइंग, सातवीं कक्षा की सामाजिक विज्ञान, आठवीं कक्षा की संस्कृत, उर्दू व पंजाबी की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार बाल वाटिका से पांचवीं की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होंगी।
वहीं 16 मार्च को कक्षा एक की अंग्रेजी, कक्षा दो को गणित, तीन की हिंदी 17 मार्च को पहली से तीसरी तक संबंधित विषयों की मौखिक परीक्षा होगी। 18 मार्च को कक्षा एक की गणित, दो की हिंदी, तीन की अंग्रेजी, चार की गणित, 5वीं की अंग्रेजी की परीक्षा होगी।
19 मार्च को कक्षा एक से तीन की मौखिक परीक्षा, कक्षा चार की अंग्रेजी, पांच कक्षा की हिंदी की परीक्षा होगी। 20 मार्च को कक्षा एक की हिंदी, दो की अंग्रेजी, तीन की गणित, चार की ईवीएस, पांच की गणित की परीक्षा होगी। 24 मार्च को कक्षा एक से तीन की मौखिक परीक्षाएं और 25 मार्च को कक्षा तीन की ईवीएस परीक्षा आयोजित की जाएगी।
12वीं की समाजशास्त्र और एंटरप्रेन्योरशिप की हुई परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की समाजशास्त्र व एंटरप्रेन्योरशिप की परीक्षा शुक्रवार को हुई। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल को तैनात किया गया था। कड़ी जांच के बाद ही विद्यार्थियों को केंद्रों में जाने दिया गया। परीक्षा देकर आए विद्यार्थी सिलानी गेट निवासी सरिता ने बताया कि समाजशास्त्र की परीक्षा आउट ऑफ सिलेबस आई हुई थी जिस कारण उसे हल करने में समय लगा। छात्र सुनील ने बताया कि परीक्षा थोड़ा मुश्किल आया हुआ था। सीबीएसई का दसवीं की परीक्षाएं खत्म हो चुकी हैं। अब बारहवीं की हिंदी की परीक्षा सोमवार को आयोजित की जाएगी। शनिवार व रविवार को बच्चे अच्छे से तैयारी कर सकेंगे।