फोटो 96: मुंगेशपुर ड्रेन के पास बनी अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त करती जेसीबी। स्रोत विभाग
बहादुरगढ़। शहर के विवेकानंद नगर स्थित मुंगेशपुर ड्रेन के पास शनिवार सुबह से शाम तक सिंचाई विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर 15 प्रॉपर्टी को ध्वस्त करा दिया। 21 दिन और 7 दिन के नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद यह कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार कुल 25 नोटिस जारी किए गए थे लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।
कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी आशीष कौशिक मौजूद रहे। सिंचाई विभाग की ओर से एक्सईएन ईशान सिवाच, एसडीओ नवीन, पंकज और हरीश राठी सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
प्रशासन ने महिला थाना के पास स्थित एक फैक्टरी को भी तोड़ दिया, जिसे अवैध रूप से निर्मित बताया गया। अधिकारियों ने बताया कि कुछ लोगों ने पहले ही अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लिया था। शुक्रवार सुबह प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने के बाद अभियान नहीं चलाया जा सका था। शनिवार को दिनभर कार्रवाई जारी रही।
मौके पर घरों में रहने वाले कुछ लोगों ने प्रशासन से समय की मांग की, जिस पर उन्हें एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया गया है। इसके अलावा गलियों में किए गए छोटे-बड़े अतिक्रमण को भी हटाया गया।
प्रशासन ने साफ किया है कि ड्रेन के आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।
फोटो 96: मुंगेशपुर ड्रेन के पास बनी अवैध फैक्ट्री को ध्वस्त करती जेसीबी। स्रोत विभाग