नारनौल। बिजली चोरी पकड़ो अभियान के तहत सामने आए आंकड़े चौंकाने वाले हैं। छापेमारी के दौरान औसतन हर तीन घरों में से एक घर में बिजली चोरी पकड़ी गई। जिले भर में दो दिन में कुल 225 चोरी के केस पकड़े गए और 54.41 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नारनौल की तुलना में महेंद्रगढ़ डिवीजन बिजली चोरी के अधिक मामले दर्ज किए गए। महेंद्रगढ़ में 128 मामले दर्ज हुए जिन पर 29.85 लाख रुपये का जुर्माना लगा, जबकि नारनौल में 97 मामलों पर 24.56 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
दिलचस्प यह है कि पहले दिन महेंद्रगढ़ में सिर्फ 14 मामले ही पकड़े गए थे, लेकिन दूसरे दिन रिकॉर्ड 114 मामले पकड़ लिए गए। वहीं नारनौल में पहले दिन 51 और दूसरे दिन 46 मामले दर्ज हुए।
ग्रामीण क्षेत्रों में चोरी के मामले अधिक
शहरी की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र में बिजली चोरी के अधिक मामले दर्ज किए गए। 27 नवंबर को पूरे सर्कल में 22 टीमें मैदान में उतारी गईं, जिनमें नारनौल की 5 और महेंद्रगढ़ की 17 टीमें थीं। शहरी क्षेत्र की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र में चोरी ज्यादा मिलने पर 22 में से 20 टीमों को गांवों में और सिर्फ 2 टीमों को शहर में लगाया गया। इसका असर भी दिखा और महेंद्रगढ़ डिवीजन के ग्रामीण क्षेत्रों में ही दूसरे दिन 114 मामले पकड़े गए।
5 से 6 प्रतिशत बना हुआ है लाइन लॉस :
जिले में बिजली का लाइन लॉस 5 से 6 प्रतिशत तक बना हुआ है। वर्ष 2024-25 में कुल 16698.87 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई, जिसमें से 1092.17 लाख यूनिट लॉस हुई, यानी 6.54 प्रतिशत। वर्ष 2025-26 में 16387.83 लाख यूनिट में से 1002.76 लाख यूनिट लॉस हुई, यानी 6.12 प्रतिशत। चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सितंबर तक लाइन लॉस 5.64 प्रतिशत बना हुआ है।
नारनौल डिविजन में बिजली चोरी के मामले :
सब- डिविजन बिजली चोरी मामले जुर्माना
नांगल चौधरी 32 6.63 लाख
सिहमा 18 3.64 लाख
नारनौल शहरी 15 6.78 लाख
निजामपुर 14 4.2 लाख
नारनौल ग्रामीण 13 2.01 लाख
अटेली 5 1.3 लाख
महेंद्रगढ़ डिविजन में बिजली चोरी के मामले :
सब- डिविजन बिजली चोरी मामले जुर्माना
महेंद्रगढ़ शहरी 37 6.61 लाख
कनीना 30 10.12 लाख
बुचावास 20 6.04 लाख
महेंद्रगढ़ ग्रामीण 14 2.10 लाख
सतनाली 14 2.08 लाख
अकोदा 13 2.90 लाख
वर्जन :
बिजली चोरी पर अंकुश के लिए दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया। अभियान में 225 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए और 54.41 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। विभाग द्वारा आगामी दिनों में भी बिजली चोरी के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा। आमजन से अपील है कि बिजली चोरी गैर-कानूनी है, ऐसा न करें, अन्यथा पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई के साथ जुर्माना लगाया जाएगा।
- जोगेंद्र हुड्डा, अधीक्षण अभियंता, बिजली निगम, नारनौल।