वाहन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा बाइक सीज करने को लेकर सुहागनगर चौराहे पर हंगामा हो गया। पुलिसकर्मियों और बाइक सवार युवक में हाथापाई के साथ धक्कामुक्की तक हो गई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस के रवैये से गुस्साया युवक रोडवेज की बस के सामने आकर खड़ा हो गया। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस दौरान एक महिला स्कूटी समेत बस के नीचे आ गई। हादसे में महिला बाल-बाल बच गई। पुलिसकर्मियों द्वारा हिरासत में लिए गए युवक को बाइक समेत उसके साथी छुड़ाकर ले गए।
रामगढ़ थाना क्षेत्र के नगला मिर्जा बड़ा पेट्रोल पंप के पीछे रहने वाले पूरन प्रकाश पुत्र चोखेलाल बाइक से आगरा की ओर से फिरोजाबाद आ रहा था। सुहागनगर चौराहे के समीप ट्रैफिक पुलिस के एचसीपी रामवीर सिंह पुलिसकर्मी और होमगार्ड के साथ चेकिंग कर रहे थे। पूरन प्रकाश के हेलमेट न होने पर पुलिस ने बाइक रुकवाकर दो सौ रुपये का जुर्माना कटवाकर गाड़ी के कागज दिखाने को कहा। युवक ने कहा कि कुछ दिन पहले ही उसका चालान हुआ है उसने चालान की रसीद भी दिखाई। आरोप है कि रसीद को फाड़कर ट्रैफिक सिपाही दो सौ रुपये मांगने लगे। पैसा न देने पर बाइक को सीज कर दिया गया। इस पर युवक ट्रैफिक पुलिसकर्मियों से भिड़ गया। युवक ने पुलिस वालों के साथ खींचतान कर दी। धक्का-मुक्की के बीच हाथापाई हो गई। इसके बाद गुस्साया युवक बीच हाईवे पर रोडवेज की बस के सामने आ गया। इस पर बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस दौरान एक स्कूटी सवार महिला बस के नीचे आ गई। हादसे में वह बाल-बाल बच गई। धक्का-मुक्की में ट्रैफिक का एक सिपाही जमीन पर गिर पड़ा। इधर, युवक ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया। पांच बाइक पर करीब 10-12 युवक यहां मौके पर पहुंचे और पुलिस द्वारा हिरासत में लिए पूरन प्रकाश और उसकी बाइक को अपने साथ ले गए। ट्रैफिक सिपाही रामवीर सिंह ने पूरे मामले से आलाधिकारियों को अवगत करा उत्तर पुलिस को तहरीर दी।
सौ से तीन सौ तक है समन शुल्क का प्रावधान
बिना हैलमेट के बाइक चलाने पर सौ से तीन सौ रुपये तक का समन शुल्क काटने का प्रावधान है। लेकिन सौ से दो सौ रुपये पुलिसकर्मियों द्वारा लिए जाते है। एक बार चालान होने के बाद भी दुबारा हैलमेट का प्रयोग न करने पर तीन सौ से लेकर पांच सौ तक का जुर्माना किया जा सकता है।
लोकेश भाटी टीएसआई फिरोजाबाद।
वाहन चेकिंग के दौरान किसी का उत्पीड़न नहीं किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति अपनी मजबूरी बताता है तो उसको छोड़ दिया जाएगा। उस पर कोई जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। पीड़ित व्यक्ति द्वारा मजबूरी बताने के बाद भी पुलिसकर्मी उसको नहीं छोड़ते है तो संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ट्रेफिक पुलिसकर्मी से सुहागनगर चौराहे पर हुए विवाद की कोई जानकारी नहीं है। जानकारी की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अजय कुमार एसएसपी फिरोजाबाद।