-फोटो 94 : नवी मुंबई में डॉ. बालकिशन तंवर को सम्मानित करते अतिथि। स्रोत स्वयं
-35 वर्षों से बहादुरगढ़ और दिल्ली-एनसीआर में लोगों को कर रहे जागरूक, नवी मुंबई में मिला सहभागिता प्रमाण पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
बहादुरगढ़। नशामुक्ति, योग और प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में 35 वर्षों से सक्रिय प्राकृतिक चिकित्सक डॉ. बालकिशन तंवर को सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। नवी मुंबई के खारघर में 25 अक्तूबर को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें आईईए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
यह प्रमाण पत्र सामूहिक योग, नशामुक्ति जागरूकता मानव शृंखला और संकल्प अभियान में भागीदारी के लिए दिया गया। इसे इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनंत बिरादार और आईईए बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अध्यक्ष एवं मुख्य संपादक डॉ. संदीप सिंह ने हस्ताक्षर कर प्रदान किया।
तीन दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार में डॉ. तंवर ने नशामुक्ति और प्राकृतिक चिकित्सा पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए परिवार, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी जरूरी है। योग, संतुलित आहार और अनुशासित जीवनशैली स्वस्थ जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं।
यह कार्यक्रम डॉ. जीडी पोल फाउंडेशन, सूर्या फाउंडेशन और इंटरनेशनल नेचुरोपैथी ऑर्गेनाइजेशन ने आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयोजित किया। इसमें देशभर से प्राकृतिक चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया।
-