28jjrp08- महर्षि दयानंद स्टेडियम में गीता जयंती को लेकर तैयार किया जा रहा मंच। स्रोत-प्रचार वि
झज्जर। भगवान श्रीकृष्ण के शाश्वत उपदेशों और श्रीमद्भगवत गीता की दिव्यता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलास्तरीय गीता महोत्सव का शुभारंभ आज होगा।
महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम में होने वाला तीन दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव अध्यात्म, कला और भारतीय लोक परंपराओं के रंगों से सराबोर रहेगा। स्टेडियम परिसर को इस अवसर पर ‘गीतापुरम’ का विशेष स्वरूप दिया गया है, जहां गीता ज्ञान की गूंज वातावरण को आध्यात्मिकता से भर देगी। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि गीता महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है।
महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम को श्रीमद्भागवत गीता की थीम पर सजाया गया है। गीता महोत्सव के दौरान स्टेडियम प्रांगण को ‘गीतापुरम’ नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि महोत्सव सोमवार प्रातः 10 बजे हवन यज्ञ के साथ शुरू होगा। इसके बाद शाम छह बजे तक भजन, नाटक, गीत आदि अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
डीआईपीआरओ सतीश कुमार ने बताया कि सुबह दस बजे उपायुक्त मुख्य अतिथि एवं जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना बतौर विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। शाम पांच बजे तक गीता थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पहले दिन प्रसिद्ध कलाकार विक्की काजला व जोगेंद्र कुंडू सहित अनेक जाने-माने कलाकार प्रस्तुति देंगे। सायं छह बजे बाबा प्रसाद गिरी मंदिर में गीता आरती के साथ प्रथम दिन का भव्य समापन होगा।