संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर स्टॉक मार्केट में भारी मुनाफे का लालच देकर 26 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान रमनदीप सिंह निवासी लुधियाना के रूप में हुई है।
पंचकूला निवासी पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 2 अक्टूबर को उसे फेसबुक पर अंजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे स्टॉक मार्केट में तेज मुनाफा कमाने का झांसा देकर मोबाइल में एप डाउनलोड करवाया। इसके बाद पीड़ित को व्हाट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया, जहां पहले से मौजूद लोग फर्जी मुनाफे दिखाकर उसे निवेश के लिए प्रेरित करते रहे। इसी तरीके से कुल 26 लाख रुपये हड़प लिए गए।
डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि शिकायत पर 19 नवंबर को साइबर क्राइम थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई, जिसने 22 नवंबर को लुधियाना में रेड कर मुख्य आरोपी रमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया।
रिमांड के दौरान पूछताछ में पता चला कि ठगी की कुल राशि में से 5 लाख रुपये सीधे आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। पुलिस का कहना है कि इस धोखाधड़ी में अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है।