20jjrp08- बेरी के माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। संवाद
बेरी । माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में मासिक अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। नवरात्र के अलावा हर माह अष्टमी के दिन बड़ी संख्या में भक्त माता के दरबार में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अलसुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
सुबह करीब पांच बजे माता की प्रतिमा को अंदर वाले दरबार से बाहर स्थित भवन में लाया गया। यहां पुजारी ने मंत्रोच्चारण के साथ माता को स्नान करवाया। इसके बाद विधि-विधान से मंगला आरती की गई और श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। कपाट खुलते ही भक्तों ने माता के जयकारे लगाते हुए दर्शन किए।
मंदिर के मुख्य पुजारी कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि प्रत्येक माह अष्टमी के दिन माता के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। इस दौरान महिलाएं मंदिर परिसर स्थित पीपल के पेड़ पर धागा बांधकर अपनी मनोकामना पूरी होने की प्रार्थना करती हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। बेरी शहर चौकी प्रभारी पीएसआई सागर ने बताया कि अष्टमी पर हरियाणा, दिल्ली सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचते हैं।