-फोटो 89 : सांखोल गांव का तालाब। स्रोत पाठक
बहादुरगढ़। गांव सांखोल के प्राचीन तालाब की बदहाल स्थिति और उसमें गंदे नाले व केमिकलयुक्त पानी के भराव को लेकर ग्रामीण भगवान सिंह राठी ने उपायुक्त झज्जर को शिकायत भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में तालाब की सफाई का कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित रहा, जिससे समस्या आज भी बनी हुई है।
गांव सांखोल निवासी भगवान सिंह राठी ने डाक के माध्यम से भेजी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले तालाब की सफाई कराई गई थी, लेकिन कार्य सही तरीके से नहीं हुआ। केवल किनारों से मिट्टी हटाकर औपचारिकता पूरी कर दी गई, जबकि झाड़ियों की कटाई और तालाब की पूरी सफाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि गांव के इस प्राचीन तालाब में जलभराव के साथ गंदे नाले का दूषित और केमिकलयुक्त पानी भी लगातार डाला जा रहा है। इससे पशुओं और ग्रामीणों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
शिकायत में तालाब की नियमित सफाई, गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था, भविष्य में संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने और नहर से तालाब तक स्वच्छ पानी पहुंचाने की मांग की गई है। भगवान सिंह राठी ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन शीघ्र कार्रवाई करेगा, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
-फोटो 89 :