पिछले रेल बजट में जम्मू कश्मीर में रेलवे को लेकर सरकार की तरफ से बहुत बड़ी घोषणाएं की गई थीं, लेकिन जमीनी स्तर पर घोषणाओं के तहत कोई काम हुआ है। सबसे बड़ी घोषणा 180 करोड़ की लागत से जम्मू रेलवे स्टेशन का विकास करना था, लेकिन अभी तक रेलवे इसको लेकर केवल कागजी कार्रवाई ही कर पाया है।
कुछ दिन के बाद सरकार रेलवे का नया बजट पेश करने वाली है, जिससे इस बार जम्मूवासी जम्मू के लिए अलग रेल डिवीजन बनाने की घोषणा की उम्मीद लगाए बैठे हैं। इस बार सरकार आम बजट के साथ ही रेल बजट पेश करेगी। पिछले बजट में रेल मंत्री ने जम्मू रेलवे स्टेशन के विकास के लिए 180 करोड़ की राशि मंजूर की थी।
इससे रेलवे स्टेशन पर दो नए प्लेटफार्म, एक अतिरिक्त रास्ता, स्वचालित सीढ़ियां, गुड्स टर्मिनल को बाड़ी ब्राह्मणा में स्थानांतरित करना और अन्य कई काम किए जाने थे। एक वर्ष बीतने के बाद रेलवे ने अभी तक एक भी काम शुरू नहीं कर पाया है। अभी तक काम केवल ड्राइंग लेवल पर ही चल रहा है। आज भी यात्री स्टेशन पर सुविधाओं के अभाव में परेशानियों से जूझने को मजबूर हैं।
अगस्त, 2018 में तैयार होगा विश्व का सबसे ऊंचा रेल पुल
विश्व का सबसे ऊंचा रेल पुल
- फोटो : FILE PHOTO
पिछले बजट की घोषणा के बाद सितंबर में रेलवे ने जम्मू से हरिद्वार के लिए साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाई थी, लेकिन यह भी दो महीने से बंद पड़ी है। पिछले बजट से जम्मूवासी जम्मू के लिए अलग डिवीजन बनाए जाने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन इसको लेकर कोई घोषणा नहीं हो पाई। अब 2017 के बजट में इसके एलान की उम्मीद है।
उधमपुर-बनिहाल रेल लाइन पर काम चल रहा है। इस मार्ग पर रेलवे विश्व के सबसे ऊंचे रेल पुल का निर्माण कर रही है। 2004 में रेलवे ने कटड़ा-बनिहाल रेलवे लाइन पर काम शुरू किया था और इसी बीच पुल का निर्माण कार्य भी आरंभ किया था।
विश्व के सबसे ऊंचे पुल के निर्माण के लिए वर्तमान समय में सात देशों के 200 से ज्यादा इंजीनियर जुटे हुए हैं। इसका निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य अगस्त 2018 रखा गया है। पुल के निर्माण कार्य पर करीब 1200 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। बजट में सरकार उधमपुर-बनिहाल रेल लाइन के निर्माण कार्य पूरा होने के समय का एलान कर सकती है।
परियोजनाओं पर घोषणा की उम्मीद
रेल बजट में परियोजनाओं पर घोषणा की उम्मीद
- फोटो : डेमो फोटो
उधमपुर-बनिहाल रेल लाइन के बाद जम्मू कश्मीर के लिए कठुआ-बसोहली-भद्रवाह रेल लाइन, जम्मू-अखनूर-राजोरी रेल लाइन और बिलासपुर-मनाली-लेह लाइन की परियोजनाएं हैं। जम्मू-अखनूर-राजोरी रेल लाइन का सर्वेे पूरा कर दिया गया है, लेकिन कठुआ-बसोहली-भद्रवाह रेल लाइन परियोजना पर अभी कोई काम शुरू नहीं हुआ है।
इसके अलावा बिलासपुर-मनाली-लेह रेल लाइन का सर्वे चल रहा है। लेह में डीएमयू चलाने को लेकर भी योजना तैयार की जा चुकी है। इन परियोजनाओं को लेकर भी बजट में सरकार घोषणा कर सकती है।