दुर्घटना में घायल को ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जीटी रोड पर पूर्वी बाईपास के पास डग्गामार बस ने एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में चाचा-भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद तीसरे व्यक्ति की हालत गंभीर है। उसे सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल युवक ने बताया बाइक चला रहे चचेरे भाई के सिर से बस का पहिया गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वह तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। हेलमेट नहीं लगाए थे।
पूर्वी बाईपास पर जनता कोल्ड स्टोरेज के पास जीटी रोड हाईवे पर डग्गामार बस ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार उछलकर सड़क पर आ गिरे। बस दो लोगों को रौंदते हुई निकल गई। दुर्घटना में जनपद मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र के लक्ष्मनपुर रकरी निवासी बालकराम राजपूत (52) और उसके भतीजे अमित (23) पुत्र लालमन की मौके पर मौत हो गई, जबकि बालकराम का बेटा मनोज (25) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे सौ शैय्या अस्पताल में भर्ती कराया। घायल मनोज ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई अमित के साथ पिता बालकराम को दवा दिलाने गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नवादा गया था। तीन माह पहले उसके पिता को पैरालसिस हो गया था। बाइक अमित चला रहा था। पुलिस ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दी। कुछ देर बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
दो माह पहले हुई थी अमित की शादी
छिबरामऊ। सड़क हादसे में अमित की मौत की सूचना पर उसकी पत्नी कांती बदहवास हो गई। परिजनों ने बताया कि लगभग दो माह पहले अमित की शादी नवाबगंज थानाक्षेत्र के मिलकिया में हुई थी। उसकी मौत से पत्नी सहित उसकी मां उर्मिला देवी बेसुध हैं।