बुद्ध मंदिर के बारे में जानकारी लेते आयुक्त।
- फोटो : कुश्ाीनगर ब्यूरो
कसया। सोमवार की शाम को सीमा शुल्क के मुख्य आयुक्त कुशीनगर भ्रमण पर आए थे। उन्होंने कसया के कस्टम कार्यालय का निरीक्षण भी किया। कर्मचारियों को तस्करी रोकने के लिए निर्देशित किया।
मुख्य आयुक्त केसी गुप्ता शाम करीब चार महापरिनिर्वाण मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान बुद्घ की लेटी प्रतिमा का दर्शन करने के बाद उसकी ऐतिहासिकता से जुड़ी जानकारी ली। इसके अलावा माथा कुंवर मंदिर और बगल में स्थित इंटरप्रीटेशन सेंटर जाकर भगवान बुद्ध के जीवन से जुड़ी 10 मिनट की टेली फिल्म का आनंद लिया। वहां से रामाभार स्तूप पहुंचे जहां पुरातत्व विभाग के कर्मचारी योगेश ने उन्हें स्तूप की ऐतिहासिकता और पुरातात्विकता के बारे में विस्तार से बताया।
कुशीनगर भ्रमण के दौरान मुख्य आयुक्त ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार और झारखंड के बार्डर इलाके से होने वाली तस्करी को रोकने में आम लोगों का सहयोग मिलना जरूरी है। उन्होंने कहा कि तस्करी से जुड़ी जानकारी देने वाले व्यक्ति का परिचय गोपनीय रखा जाता है। इस मौके पर निरीक्षक अंगद कुमार, सोनौली अधीक्षक अनिल कुमार, अधीक्षक गोरखपुर एसके पटेल, प्रोटोकाल अफसर गौरव पांडेय आदि मौजूद रहे।
सीमा शुल्क के गोरखपुर और नौतनवां मंडल का निरीक्षण करने आए चार प्रांतों के मुख्य आयुक्त केसी गुप्ता पांच दिवसीय दौरे के अंतिम दिन सोमवार को कुशीनगर पहुंचे थे। सीमा शुल्क कार्यालय कसया के अधीक्षक अंबिकेश प्रताप सिंह ने इस भ्रमण की जानकारी देते हुए बताया कि कसया कार्यालय के निरीक्षण के बाद आयुक्त ने तस्करी रोकने के लिए की जाने वाली कई महत्वपूर्ण जानकारी कर्मचारियों को दी। इससे तस्करों और उनके नेटवर्क की पहचान और तलाश में सीमा शुल्क के अधिकारियों और कर्मचारियों को मदद मिलेगी।