संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। नवरात्र के साथ खरीदारी का सीजन शुरू होते ही शहर में ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग खरीदारी के लिए शहर पहुंच रहे हैं। वहीं, सड़कों के निर्माण और पार्किंग की कमी के कारण लोगों को दिनभर जाम से जूझना पड़ रहा है। इससे बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
शहर में सिलानी गेट से अग्रसेन चौक तक सड़क निर्माण के चलते मार्ग बंद है। अगले एक माह तक इसके बंद रहने की संभावना है। वाहनों को बादली रोड, सर्कुलर रोड और गुरुग्राम रोड की ओर डायवर्ट किया गया है।
वहीं, बैंक रोड पिछले दो माह से निर्माण कार्य के चलते बंद है। सड़क का काम पूरा हो चुका है, लेकिन फुटपाथ निर्माण के कारण इसे अभी नहीं खोला गया है। इससे दूसरे मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।
शहरवासियों राकेश अरोड़ा, सतपाल सैनी, हैप्पी और सुरेंद्र कुमार ने सड़कों का निर्माण जल्द पूरा कराने और त्योहारों के दौरान अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की।
पार्किंग की कमी से बढ़ रही परेशानी
शहर में स्थायी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। पुराना बस अड्डा परिसर में बनी निजी पार्किंग की जगह ईंट-पत्थर रखे होने और रामलीला मंचन के कारण उपलब्ध स्थान कम हो गया है। ऐसे में वाहन चालक फुटपाथ पर गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं, जिससे जाम की समस्या बढ़ रही है।
जाम से निपटने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। फुटपाथ पर अवैध रूप से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
वीरेंद्र सिंह, ट्रैफिक थाना प्रभारी
-
13jjrp14- शहर के राव तुलाराम चौक पर जाम में फंसे वाहन चालक। संवाद