दिल्ली की कंपनी इंस्ट्रूमेडिक्स से क्रिटिकल केयर एंबुलेंस खरीदी जा रही हैं
- फोटो : PTI
रियासत के 22 जिलों में क्रिटिकल केयर एंबुलेंस शीघ्र उपलब्ध होंगी। आगामी दो जुलाई को शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा के साथ वैष्णो देवी के यात्रियों को यह आधुनिक सुविधा मिल सकेगी। राज्य के सभी जिलों के अलावा स्वास्थ्य निदेशालय जम्मू और कश्मीर के अलावा वैष्णो देवी के यात्रियों के लिए विशेष तौर पर कटड़ा में एक-एक एंबुलेंस लगाई जानी है।
जम्मू-कश्मीर मेडिकल सप्लाई कारपोरेशन की ओर से एंबुलेंस के लिए ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। कारपोरेशन के एमडी डा. यशपाल शर्मा के अनुसार अप्रैल-मई के बीच राज्य में क्रिटिकल केयर एंबुलेंस दौड़ने लगेंगी। इससे अमरनाथ और वैष्णो देवी के यात्रियों को भी राहत मिलेगी।
राज्य में पांच साल पूर्व 25 क्रिटिकल केयर एंबुलेंस को लाने की कवायद शुरू हुई थी। इस प्रोजेक्ट के लिए एनआरएचएम के तहत पांच करोड़ रुपये की राशि मंजूर हुई थी, लेकिन कभी भी टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। कारपोरेशन की ओर से दिल्ली की कंपनी इंस्ट्रूमेडिक्स से क्रिटिकल केयर एंबुलेंस खरीदी जा रही हैं।
प्रति एंबुलेंस पर 27.48 लाख रुपये की लागत आएगी
एंबुलेंस की मोडिफिकेशन पर करीब तीन लाख रुपये का खर्चा आएगा
- फोटो : अमर उजाला
रियासत के दुर्गम और पहाड़ी इलाकों में लगातार बढ़ते सड़क हादसों, आतंकी वारदातों और अन्य दूसरी बड़ी घटनाओं में गंभीर घायलों को तत्काल चिकित्सा देने के लिए क्रिटिकल केयर एंबुलेंस मील का पत्थर साबित होंगी।
राज्य के अधिकांश अस्पतालों में इस आधुनिक एंबुलेंस के अभाव में शिफ्टिंग के दौरान गंभीर मरीजों की जान राम भरोसे ही रहती है। अमरनाथ यात्रा मार्ग पर उधमपुर, बटोत, रामबन, बनिहाल आदि एक्सीडेंट प्रोन जोन हैं। यहां हर साल बड़े हादसे होते रहे हैं।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रोजाना हजारों वाहनों की आवाजाही होती है। इस आधुनिक एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवाइयों के अलावा अत्याधुनिक उपकरण उपलब्ध रहेंगे, जिससे गंभीर घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में मदद मिलती है।
प्रति एंबुलेंस पर 27.48 लाख रुपये की लागत आएगी। इसमें कंपनी की ओर से पांच साल की गारंटी दी जाएगी। इसमें गाड़ी पर 12.97 लाख, उपकरणों पर 11.38 लाख और अन्य मोडिफिकेशन पर करीब तीन लाख रुपये का खर्चा आएगा।