इटावा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के इंजीनियरिंग कॉलेज के पास बुधवार तड़के बेकाबू कंटेनर बिजली के एक के पीछे एक लगे तीन खंभों से टकरा गया। इससे लगभग पांच मोहल्लों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लोहे के गाटर से भरा कंटेनर बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त करता हुआ नाले में जा फंसा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार का नतीजा बताया जा रहा है।
कंटेनर लुहन्ना चौराहा की ओर से आ रहा था। ट्रेलर नाले में इस तरह धंस गया कि उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह जमीन में धंसकर फंस गया। यदि कंटेनर कुछ मीटर और आगे बढ़ जाता तो सामने स्थित दुकानों व मकानों भी क्षतिग्रस्त हो सकते थे।
स्थानीय निवासी राजेश कुमार व प्रमोद ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि घरों की खिड़कियां तक हिल गईं। हादसे के तुरंत बाद इंजीनियरिंग कॉलेज से ग्वालियर बाईपास जाने वाला मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। सुबह दफ्तर और स्कूल जाने वालों को लंबा चक्कर लगाकर गुजरना पड़ा। पुलिस ने महाराष्ट्र में पंजीकृत ट्रेलर के मालिक से लगातार संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उसने न तो कोई जानकारी दी और न ही किसी प्रतिनिधि को भेजा।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि वाहन को हटाने के लिए क्रेन की जरूरत थी लेकिन मालिक की ओर से आवश्यक जानकारी व अनुमति न मिलने के कारण कार्रवाई बाधित रही। देर शाम तक पुलिस ट्रेलर नहीं हटवा सकी। चालक परिचालक की जानकारी की जा रही है।