संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। सरकार राजकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल देने के साथ ही भवन के ढांचागत विकास पर जोर दे रही है। डीसी वर्षा खांगवाल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ड्रॉप आउट और आउट ऑफ स्कूल बच्चों को स्कूल सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए। यह जानकारी उन्होंने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की वीडियो कॉन्फ्रेंस के बाद दी।
शनिवार को कैंप कार्यालय से उन्होंने जिला में शिक्षा विभाग की गतिविधियों की समीक्षा की। डीसी ने कहा कि झज्जर जिले में शैक्षणिक माहौल बेहतर है। शिक्षा विभाग की सक्रियता से बोर्ड परीक्षाओं में अच्छे परिणाम आ रहे हैं। समग्र शिक्षा एवं पीएम पोषण (मिड-डे मील) अभियान की प्रगति की भी समीक्षा हुई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचें। विद्यालयों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी हो। किसी भी कमी का तत्काल समाधान किया जाए।
0
भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता
विद्यार्थियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक, ताजा और स्वच्छ भोजन मिले। डीसी ने भोजन की गुणवत्ता, रसोईघरों की साफ-सफाई की जांच के निर्देश दिए। खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण तथा पेयजल व स्वच्छता व्यवस्थाओं की नियमित जांच हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों के स्वास्थ्य से कोई समझौता स्वीकार नहीं होगा।