भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब
- फोटो : File Photo
पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर एक बार फिर पाकिस्तानी सेना ने सीजफायर का उल्लंघन करते हुए भारतीय सेना की अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया। लगभग 15 मिनट तक हुई भीषण गोलीबारी में सेना की 15 मराठालाई का एक जवान शहीद हो गया।
जानकारी के अनुसार वीरवार को दोपहर 12.30 बजे भारतीय सेना की 15 मराठालाई की अग्रिम चौकियों रामलो और बुरावानपैच पर पाक सेना की 24 फ्रंटियर फोर्स ने अपनी एलपी चौकी से स्नाइपर रायफल और यूनिवर्सल मशीन गनों से गोलीबारी शुरू कर दी।
इस दौरान एक गोली सिपाही दीपक गाडजे निवासी महाराष्ट्र के सिर में आकर लगी, जिससे वह मौके पर ही शहीद हो गए। भारतीय सेना ने भी पाक सेना की नापाक हरकत का जवाब दिया। करीब 15 मिनट बाद दोनों तरफ से गोलीबारी थम गई। इसके बाद शहीद जवान के शव को वहां से निकाल कर पुंछ स्थित सैन्य अस्पताल लाया गया, जहां से शुक्रवार को उसके गांव भेजा जाएगा।