झज्जर। जिले में विभिन्न ग्राम पंचायतों, पंचायत समिति सदस्य और सरपंच के खादी पदों पर उप चुनाव की तिथि घोषित कर दी गई है। खंड बहादुरगढ़, बादली, बेरी, झज्जर, मातनहेल और साल्हावास के कई गांवों व वार्डों में उपचुनाव कराए जाएंगे।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि खंड बहादुरगढ़ में पंचायत समिति सदस्य वार्ड-14, गांव मांडोठी के वार्ड 3, 9, 11, 18 व 19 में पंच, लोहारहेड़ी वार्ड-3, मेहंदीपुर वार्ड-6 और डाबोदा खुर्द वार्ड-1 में पंच पद के लिए चुनाव होंगे।
खंड बादली के गांव बाढ़सा में सरपंच व वार्ड-3 में पंच और मुंडाखेड़ा वार्ड-5 में पंच का चुनाव होगा। खंड मातनहेल के गांव अकेहड़ी मदनपुर के वार्ड 1 व 16 और गोरिया वार्ड-13 में पंच पद के लिए चुनाव होंगे।
खंड बेरी के गांव मदाना कलां वार्ड-9 में पंच और धांधलान में सरपंच का चुनाव होगा। खंड झज्जर के गांव डावला वार्ड-7 और रणखंडा वार्ड-2 में पंच पद के लिए मतदान होगा।
खंड साल्हावास में पंचायत समिति सदस्य वार्ड-1 के साथ अंबोली वार्ड-5, ढाणी साल्हावास वार्ड-1, बिरड़ वार्ड-4 और सुबाना वार्ड-3 में पंच पद के लिए चुनाव होंगे।
उपचुनाव के लिए मतदान 10 मई को सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया 21 से 25 अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी।
27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच और 28 अप्रैल को दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी के साथ ही चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। आवश्यक होने पर 12 मई को पुनर्मतदान कराया जाएगा।