पंचकूला के लोगों की वर्षों पुरानी बस डिपो की मांग जल्द पूरी होगी। बस डिपो बनते ही जिले में बसों की कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ यहां के बिजनेस में इजाफा होगा। प्रदेश के दूसरे शहरों से बसों की कनेक्टिविटी बेहतर हो जाएगी।
परिवहन मंत्रालय ने परिवहन विभाग से डिपो की फाइनल रिपोर्ट मांगी थी, जिसे विभाग ने फरवरी 2016 में मंत्रालय को भेज दिया था। अब मंत्रालय में बस डिपो के संबंध में आखिरी बैठक इसी माह होनी है।
जिसमें डिपो के बजट का प्रस्ताव फाइनल होगा। विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि बस डिपो के संबंध में पॉजिटिव संकेत मंत्रालय की ओर से मिले हैं। बस डिपो के लिए इंडस्ट्रियल एरिया में 4.26 एकड़ जमीन हुडा ने रेखांकित की है। इस संबंध में प्रदेश मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी घोषणा कर चुके हैं।
बढ़ेगा बसों का काफिला
पंचकूला में करीब 140 और कालका में 55 बसों का काफिला है। डिपो बनने के बाद यहां बसों की संख्या 300 के करीब हो जाएगी।
स्टूडेंट्स को होगा फायदा
जिले के हजारों युवाओं को प्रदेश के दूसरे शहरों में जाने के लिए चंडीगढ़ और जीरकपुर से बस लेनी पड़ती है। पंचकूला में बस डिपो होने से बसों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी और स्टूडेंट प्रदेश के दूसरे शहरों में भी स्टडी के लिए आसानी से जा सकेंगे।
बस डिपो के संबंध में मंत्रालय की ओर से सकारात्मक संकेत मिले हैं। अभी मीटिंग होनी है। इसका बजट फाइनल होगा।
- आरसी बिधान, निदेशक राज्य परिवहन हरियाणा
सीएम हरियाणा ने बस डिपो की घोषणा कर दी है। यह मामला फाइनल स्टेज पर है। अभी बजट फाइनल होना है।
- ज्ञानचंद गुप्ता, विधायक पंचकूला।
निदेशक कार्यालय से जनवरी 2016 में पंचकूला बस स्टैंड से जहां बस डिपो बनाया जाना है, उसकी दूरी और डिपो के लिए स्टाफ का ब्योरा मांगा गया था। जिसे भेज दिया गया है।
- सतीश सिंगला, जीएम रोडवेज हरियाणा