दिल्ली में हुए दुष्कर्म की घटना के बाद पहासू में रैली निकाल विरोध जताया।
- फोटो : KHURJA
दिल्ली में बिटिया से हैवानियत करने वालों को फांसी हो
पहासू। राजधानी दिल्ली में नौ साल की बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले दरिंदों को फांसी की सजा दिलाए जाने की मांग को लेकर वाल्मीकि समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन चौकी इंचार्ज को सौंपते हुए पीड़िता के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले काफी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग कस्बा स्थित वाल्मीकि बस्ती में एकत्रित हुए। इसके बाद जुलूस निकालते हुए समाज के लोग मुख्य बाजार होते हुए अलीगढ़ चौराहे पर पहुंचे। इस दौरान अपने हाथों में बैनर पोस्टर लेकर समाज के लोगों ने मासूम बच्ची के साथ हुई हैवानियत का विरोध जताया और आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि वाल्मीकि समाज की नौ साल की मासूम बच्ची के साथ हैवानियत कर उसकी हत्या कर दी गई और उसको जला दिया गया। अभी हाथरस में हुई घटना से उबरे भी नहीं थे कि दिल्ली में हैवानियत की खबर आ गई। उन्होंने कहा कि बेटी किसी भी समाज की हो बेटी तो बेटी ही है। यह काफी शर्मनाक घटना है। उन्होंने कहा कि इसकी सीबीआई जांच हो। मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाए। उन्होंने तीस दिनों में फैसले की मांग की। ताकि हैवानों को जल्द से जल्द फांसी की सजा मिल सके। समाज के लोगों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन चौकी इंचार्ज पहासू बलवीर सिंह को सौंपा।