बहादुरगढ़। गांव जाखौदा में घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने और एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घायल अजीत ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर उनके घर पहुंचे। इनमें से एक ने घर में घुसकर डंडे व लोहे की वस्तु से उस पर हमला किया।
हमले में उसके हाथ और पैर में चोट लगी। पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उसे और उसके परिवार को पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस को दी शिकायत में अजीत ने बताया कि वह खाना खाने के बाद वह घर के बरामदा में सो गया था। दरवाजे की कुंडी लगा रखी थी। इसी दौरान दो व्यक्ति वहां पहुंचे और दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में घुस गए।
अजीत के मुताबिक, एक व्यक्ति ने उस पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान उसके दोनों हाथ और पैर में चोट आई। शोर सुनकर उसकी पत्नी जाग गई और परिवार के अन्य सदस्यों को भी घटना का पता चला। एक व्यक्ति हमला कर रहा था, साथी बाइक पर मौजूद था। संवाद