झज्जर। मानसून सीजन में जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए शहीदी पार्क और तलाव रोड बूस्टिंग पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। दोनों परियोजनाओं पर दो करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। नगर परिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी ने शनिवार को शहीदी पार्क में बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य नारियल तोड़कर शुरू करा दिया।
तलाव रोड पर बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य अगले कुछ दिन में शुरू कर दिया जाएगा। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से बूस्टिंग पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है।
विभाग की ओर से शहर के शहीदी पार्क के पास बनाए जा रहे बूस्टिंग पंपिंग स्टेशन का निर्माण होने से लाल सिंह कॉलोनी, दिल्ली गेट, देव कॉलोनी सहित आसपास के एरिया में जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
यहां से पानी पंप करके आगे गुरुग्राम रोड पर ड्रेन में डाला जाएगा जो आगे ड्रेन नंबर-8 में जाएगा। इसी प्रकार से तलाव रोड पर स्थित बूस्टिंग पंपिंग स्टेशन का निर्माण कर पाइपाें के जरिये पानी आउटर ड्रेन नंबर-8 में डाला जाएगा।
इससे पुराना बस अड्डा रोड तक एरिया में हर बार जमा होने वाले बारिश के पानी की निकासी आसानी से हो सकेगी।
मानसून सीजन से पहले निर्माण पूरा करने की तैयारी
शहीदी पार्क और तलाव रोड पर बनने वाले बूस्टिंग पंपिंग स्टेशन का निर्माण को लेकर वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है। शहीदी पार्क के पास काम भी शुरू कर दिया गया है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स को एक साल में पूरा किया जाना है लेकिन विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रोजेक्ट्स को इस बार शुरू होने वाले बारिश के सीजन से पहले ही तैयार करने की योजना है ताकि इस बार बारिश के दौरान शहर में जलभराव की समस्या न हो। इसमें डिस्पोजल के अलावा पाइप लाइन डालने और मोटर लगाने का काम किया जाएगा।
वर्जन
शहर के बहादुरगढ़ और तलाव रोड पर बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। एक पंपिंग स्टेशन का काम शुरू हो चुका है और दूसरे का काम जल्द शुरू होगा। इससे बारिश के दिनों में होने वाली जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। -दलबीर हुड्डा, एसडीओ, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग।