बहादुरगढ़। मंडियों में गेहूं की रिकॉर्ड आवक के बीच उठान प्रक्रिया सुस्त पड़ी है। 1 अप्रैल से 18 अप्रैल तक 1 लाख 26 हजार 437.6 क्विंटल गेहूं मंडियों में पहुंच चुका है और सिर्फ 36,419 क्विंटल का ही उठान हो पाया है। कुल उठान प्रतिशत 43.05 रहने से मंडियों में अनाज का दबाव बढ़ता जा रहा है।
बहादुरगढ़ मंडी में 13 हजार 127.5 क्विंटल गेहूं की आवक हुई है, जबकि उठान मात्र 4 हजार 500 क्विंटल हुआ है। यहां उठान प्रतिशत 36.91 पर सिमटा हुआ है। वहीं आसौदा खरीद केंद्र में 1 लाख 13 हजार 310.1 क्विंटल आवक के मुकाबले 31 हजार 919 क्विंटल गेहूं का उठान किया गया, जो 44.08 प्रतिशत है।
खरीद प्रक्रिया तेज है और अब तक 84 हजार 603.5 क्विंटल गेहूं की खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा खरीद की जा चुकी है, लेकिन उठान की धीमी रफ्तार से मंडियों में गेहूं के ढेर लगने लगे हैं। किसानों को भी समय पर भुगतान और जगह की कमी को लेकर चिंता सताने लगी है।
मंडी में गेहूं का भाव 2585 रुपये प्रति क्विंटल चल रहा है, लेकिन उठान में देरी से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। शुक्रवार की रात बहादुरगढ़ में आई 4.20 एमएम बारिश में खुले में रखा गेहूं भीग गया।
शनिवार को गेहूं का उठान कराया गया और उसे ट्रक में लोड कराकर गोदाम में रखवाया गया। पिछले साल के मुकाबले इस बार आवक में 47,354 क्विंटल की बढ़ोतरी हुई है, जिससे दबाव और अधिक बढ़ गया है।
वर्जन
शनिवार को दिनभर गेहूं का उठान किया गया। उठान प्रक्रिया में और तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि मंडियों में जमा गेहूं को जल्द से जल्द उठाया जा सके और किसानों को राहत मिल सके।-सपना, एएफएसओ, बहादुरगढ़।
-फोटो 61 : बहादुरगढ़ की अनाज मंडी में खुले में रखे गेहूं को ट्रक में लोड करता श्रमिक। संवाद
-