संवाद न्यूज एजेंसी
झज्जर। उच्चतर शिक्षा विभाग ने विभिन्न कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीसीए, बीबीए आदि में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि को तीसरी बार फिर बढ़ा दिया है। अब विद्यार्थी 12 जुलाई तक आवेदन कर सकते हैं।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई थी। इसके बाद इसे दूसरी बार 30 जून तक बढ़ाया गया और अब 12 जुलाई तक बढ़ाया गया है। स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर अब तक आवेदन नहीं कर पाए।
राजकीय स्नातकोत्तर नेहरू महाविद्यालय के जनसंचार विभागाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी डॉ. अमित भारद्वाज ने कहा कि विद्यार्थी बढ़ी हुई समयावधि का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द अपना आवेदन करें। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए संशोधित प्रवेश कार्यक्रम शीघ्र ही जारी किया जाएगा। इसमें मेरिट सूची, दस्तावेज सत्यापन, फीस जमा कराने तथा अन्य प्रवेश संबंधी गतिविधियों की नई तिथियों की घोषणा की जाएगी।
डॉ. अमित ने कहा कि आवेदन तिथि बढ़ाए जाने से महाविद्यालयों में प्रवेश लेने के इच्छुक अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अवसर मिलेगा। विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिसों को नियमित रूप से देखते रहें।