झज्जर। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के लिए निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत दो दिन में पूरा कर लिया है। अब जिले में 35,167 बच्चे ऐसे बचे हैं, जिन्हें अभी तक पोलियो की दवा नहीं पिलाई गई है।
विभाग की ओर से छोटे बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए सीएचसी स्तर पर टीमें गठित की गई हैं। अब तक सबसे बेहतर प्रदर्शन जमालपुर सीएचसी का रहा है, जहां 88.96 प्रतिशत बच्चों को दो दिन में दवा पिलाई जा चुकी है। वहीं बादली सीएचसी की टीम 51.54 प्रतिशत के साथ सबसे नीचे रही है।
जिले में सोमवार से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत नागरिक अस्पताल से की गई थी। पहले दिन 56,980 बच्चों को पोलियोरोधी खुराक दी गई, जबकि दो दिन में यह आंकड़ा बढ़कर 90,937 तक पहुंच गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. बसंत दूबे ने बताया कि जिले में 1,26,104 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 600 बूथ बनाए गए हैं, साथ ही 21 ट्रांजिट टीमें और 109 मोबाइल टीमें तैनात की गई हैं। अभियान की निगरानी के लिए 150 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मोबाइल टीमें ईंट-भट्टों, निर्माणाधीन भवनों और दूर-दराज क्षेत्रों में जाकर 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाने का कार्य कर रही हैं। वहीं ट्रांजिट टीमें बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दे रही हैं।
सीएचसी लक्ष्य दवा पिलाई जा चुकी प्रतिशत
बादली 21607 11137 51.54
छारा 17906 11781 65.79
डीघल 10843 7573 69.84
जमालपुर 11685 10395 88.96
दूबलधन 9204 7962 86.51
ढाकला 11041 8451 76.54
अर्बन झज्जर 9387 5684 60.55
अर्बन बहादुरगढ़ 34431 27954 81.19
कुल 126104 90937 72.11