नगर सहित ग्रामीण इलाकों में बुधवार की भोर में आई आंधी-पानी ने जहां भीषण गर्मी से लोगों को राहत दी, वहीं आंधी ने कई इलाकों में जोरदार तबाही मचाई। इस दौरान कई जगहों पर छप्पर और टिनशेड उड़ गए। जबकि कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर दूर जा गिरे।
सड़कों पर पेड़ गिरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह पेड़ों को काटकर लोग लकडिय़ां अपने घर लेकर जाते दिखे। तीन दिनों से बढ़ गई उमस से लोगों को बुधवार की भोर में निजात मिली। ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ आसमान में बिजली कड़कने लगी और तेज आंधी से हर किसी ने कूल-कूल महसूस किया। भोर में आंधी आने के साथ बिजली गुल हो गई। कई जगहों पर विद्युत तार टूट गए।
भोर में आई आंधी ने जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली वहीं कुछ ही देर में बारिश की बूंदों ने माहौल को और सुकूनदायक बना दिया। अचानक आई आंधी और बारिश से कई इलाकों में पेड़ टूटकर गिर पड़े। कहीं लोग पेड़ों को हटाने में लगे रहे तो कहीं लकड़ियों को बटोरने वाले भी पेड की डालियों को लेकर भागते दिखे।
बारिश के चलते जहां नगर की सीवरेज वाली सड़कों पर पानी लग गया। वहीं गांव की सड़क की स्थिति काफी दयनीय रही। बेल्थरारोड संवाददाता के मुताबिक गर्मी और उमस के बीच बुधवार की प्रात: आई आंधी, पानी ने जमकर तबाही मचाई। आंधी पानी के चलते गर्मी से जुझ रहे लोगों ने राहत महसूस की।
वहीं खेतों में धान की नर्सरी डालने की तैयारी कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। आंधी से कई पेड़ उखड़ गए और पेड़ों के डाल टूटकर गिर पड़े। आम के लिए आंधी नुकसानदायक साबित हुई। आंधी के चलते तरछापार में एक और ससना-अखोप मार्ग पर बिजली के खंभा गिर जाने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गया।