-फोटो 95 : कानौंदा गांव में बनाया जा रहा आंबेडकर भवन। स्रोत सभा
बहादुरगढ़। गांव कानौंदा में वर्ष 2019-20 में शुरू हुआ आंबेडकर भवन आज तक पूरा नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ। ठेकेदार की लापरवाही से भवन जर्जर हो गया है। प्रशासन से कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
आंबेडकर सभा बहादुरगढ़ के पूर्व महासचिव जगबीर मेहरा ने बताया कि भवन खंडहर में बदल गया है। यहां आवारा पशु और असामाजिक तत्व जमा रहते हैं। इससे आसपास के लोगों को परेशानी होती है। भवन के आसपास गंदगी फैली है। नालियों के पानी की निकासी न होने से जलभराव रहता है। बरसात में भवन की छत से पानी टपकता है। कई खंभे टेढ़े हैं और उनमें से सरिया बाहर निकल आया है। इससे हादसे की आशंका बनी रहती है।
पिछले सात वर्षों में ग्रामीणों ने पंचायत, एसडीएम, बीडीपीओ और उपायुक्त को कई शिकायतें दी हैं। उन्होंने डीसी कार्यालय पहुंचकर भी ज्ञापन सौंपे हैं, पर समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। वे जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं और आंबेडकर भवन का गुणवत्तापूर्ण निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग कर रहे हैं।